जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविर की तैयारियों और एक्सप्रेसवे परियोजना का लिया जायजा।

*139 डब्ल्यू परियोजना से संबंधित कार्यों की भी हुई समीक्षा।*
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले के बैरिया प्रखंड अंतर्गत लौकरिया एवं भितहां पंचायत में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का शुक्रवार को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर के सफल आयोजन एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले सभी आवेदनों का विधिवत ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाए तथा प्राप्त मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने 139 डब्ल्यू परियोजना से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन रैयतों के कागजात अब तक लंबित हैं, उनसे आवश्यक दस्तावेज शीघ्र प्राप्त कर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जो भी आवेदन प्राप्त हो रहे हैं उन्हें विधिवत ऑनलाइन करायें। शिविर से पहले उन्हें डिस्पोज कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्रभावित रैयतों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने लौकरिया पंचायत में प्रस्तावित गोरखपुर-सिलिगुड़ी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य के लिए चल रही पैमाइश एवं मापी कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खेसरा पंजी तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पैमाइश कार्य में तेजी लाकर समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को अतिरिक्त टीम लगाकर बरसात शुरू होने से पूर्व मापी कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि आगे की प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्रवाई समय पर की जा सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और बेहतर सड़क संपर्क के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बैरिया कर्मजीत राम सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।