सभी विभाग आपसी समन्वय से सहयोग शिविर को सफल बनाना सुनिश्चित करें : जिला पदाधिकारी।

बेतिया। सहयोग शिविर की तैयारियों को लेकर आज जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शिविर के सफल आयोजन, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों तथा आमजनों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि शिविर स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता तथा सहायता काउंटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजनों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान करें एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करें तथा शिविर को पूरी तरह व्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाना सुनिश्चित करें।
बैठक में शिविर के संचालन, लाभुकों के पंजीकरण, शिकायतों के निष्पादन एवं विभागवार दायित्वों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।