नरकटियागंज:पार्किंग शुल्क की मनमानी वसूली के विरोध में चालकों में आक्रोश।

नरकटियागंज। नगर परिषद क्षेत्र में पार्किंग शुल्क की मनमानी वसूली को लेकर भारी वाहन चालकों में आक्रोश फैल गया है। शनिवार को दर्जनों ट्रक और ट्रैक्टर चालक गोलबंद होकर शिकारपुर थाना और नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन देने वालों में राजेंद्र पासवान, संतु वर्मा, जोगिंद्र राम, रामशीष ठाकुर, राकेश माझी, नागेश्वर मांझी, अनिल मांझी सहित कई चालक शामिल थे।

चालकों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद ने वर्ष 2025-26 के लिए बस, ट्रक और टैंकर जैसे भारी वाहनों से 90 रुपये पार्किंग शुल्क निर्धारित किया था। हालांकि, वर्तमान में वसूली करने वाले कर्मी 300 से 500 रुपये तक जबरन वसूल रहे हैं।

चालकों का कहना है कि वसूली करने वालों ने 300 रुपये की रसीदें भी छपवा ली हैं, जबकि निर्धारित दर से अधिक राशि लेना पूरी तरह गलत है। विरोध करने पर चालकों के साथ बदसलूकी और मारपीट की जाती है, जिससे वे डर के कारण अधिक पैसे देने को मजबूर हो जाते हैं।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। नगर में प्रवेश करते ही चालकों को रोक लिया जाता है और दबाव बनाकर पैसे वसूले जाते हैं। आरोप है कि कई बार वसूली करने वाले शराब के नशे में रहते हैं और अभद्र व्यवहार करते हैं।

इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पूरी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी कर दिया गया है और जांच के बाद दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Categories: करप्शन