बगहा के शास्त्री नगर से उत्तर प्रदेश के बेलवनिया तक प्रस्तावित पुल के निरस्तीकरण को लेकर संघर्ष समिति के सदस्यों द्वारा एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन।

बगहा। गुरुवार को बगहा के शास्त्री नगर से उत्तर प्रदेश के बेलवनिया तक प्रस्तावित पुल के निरस्तीकरण को लेकर संघर्ष समिति के सदस्यों द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी,बगहा को एक ज्ञापन सौंपा गया।मौके पर अजय साहनी, दयाशंकर सिंह,राकेश सिंह,रविकेश पाठक, जुगनू आलम, बबलू यादव, श्रीयाशु कुमार,अनिल कुमार साहनी,संदीप साहनी गोलू, छठू बैठा,कामेश्वर नाथ तिवारी सहित दर्जनों की संख्या में मौजूद लोगों ने दिए गए ज्ञापन के माध्यम से एसडीएम को अवगत कराया कि पूर्व में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र के बाहर से होकर मदनपुर-पनियहवा के वैकल्पिक मार्ग के रूप में बगहा के शास्त्री नगर से उत्तर प्रदेश के बेलवनिया पुल तक प्रस्ताविल पुल को निरस्त किए जाने से क्षेत्र के आम नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। इस निर्णय के विरोध में आम जनता प्रतिदिन धरना-प्रदर्शन कर रही है।उक्त पुल के निर्माण से बिहार और उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होता। यह पुल दोनों राज्यों के बीच एक लाइफ लाइन के रूप में कार्य करता और हम सभी के ससदीय क्षेत्र के पिपरासी प्रखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र जटहा,खड्डा, छितौनी, पनियहवा, नेबुआ, कप्तानगंज होते हुए गोरखपुर से बगहा अनुमंडल मुख्यालय तथा भविष्य के जिला मुख्यालय को जोड़ता हैं।
उन्होंने कहा कि विदित हो कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एसटीएमसी की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण मदनपुर-पनियहवा सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है। भविष्य में यदि यह मागे वन विभाग द्वारा बंद कर दिया जाता है, तो बाल्मीकिनगर, हरनाटांड, सेमरा जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों एवं बगहा नगर के लाखों नागरिकों को पिपरासी प्रखंड व उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में आवागमन हेतु 50 किलोमीटर से अधिक की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।इसके अतिरिक्त, यदि प्रस्तावित पुल को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया गया, लो बगहा अनुमंडल मुख्यालय का व्यापार, विकास एवं भविष्य की संभावनाएँ बुरी तरह प्रभावित होगी और यह सपूर्ण क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से कट जाएगा।सभी ने एसडीएम से आग्रह किया हैं कि जनहित को ध्यान में रखते हुए माननीय मंत्री तक यह विषय सज्ञान में पहुंचाया जाए एवं पूर्व स्वीकृत तथा प्रस्तावित बगहा के शास्त्री नगर से उत्तर प्रदेश के बेलवनिया तक पुल निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। इस पुल के निरस्तीकरण की सूचना से दोनों प्रदेशों के निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। हम सभी को आशा हैं कि इस गंभीर जनसमस्या पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।