शास्त्रीनगर–बेलवनिया सड़क पुल निर्माण का मुद्दा गरमाया, तीन दिनों से आंदोलन अनवरत जारी,बजट सत्र तक पहुंचेगा यह मामला।


बगहा।शास्त्रीनगर-बेलवनिया सड़क पुल निर्माण को लेकर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। पुल निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोग लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुल के अभाव में उन्हें रोजमर्रा की आवाजाही में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेष रूप से बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब नाव के सहारे नदी पार करने के दौरान कई बार हादसे हो चुके हैं।बगहा नगर क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से तुरंत पुल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि ठोस और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
यह प्रस्तावित पुल बिहार को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग होगा। करीब 750 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस पुल से बगहा और वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्रों की 1.5 से 2 लाख आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में मात्र 8 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को 50 से 80 किलोमीटर तक का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है।
किसानों की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बनी हुई है। कैलाशनगर, शास्त्रीनगर और कालीघाट के किसान अपनी फसल पिपरासी दियारा क्षेत्र में नाव के सहारे ले जाने को मजबूर हैं। पुल के अभाव में अब तक नाव दुर्घटनाओं में दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। किसानों का कहना है कि यह पुल उनके लिए जीवन रेखा के समान है और यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि एक स्वर में सरकार से पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और लोगों का जीवन सुगम बन सके। वहीं वर्षों पुरानी इस मांग को लेकर अब राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ गई है।जदयू के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भीष्म सहनी ने कहा है कि वे आगामी बजट सत्र में इस मुद्दे को विधान परिषद में प्रमुखता से रखेंगे । उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुल का निर्माण हर हाल में कराया जाएगा और इसके लिए वे सरकार पर दबाव बनाएंगे।मौके पर अजय सहनी,रविकेश पाठक, राजन कुमार,कामेश्वर तिवारी,प्रमोद श्रीवास्तव,विशाल पांडे, जितेंद्र राम,सूर्यभान यादव, प्रेम यादव,छोटेलाल साधु, मांगनी डीलर,संदीप सहनी, दीपू जयसवाल,गोलू गिरी, ओसामा अंसारी, असलम अंसारी सहित तमाम लोग उपस्थित थे।

Categories: आंदोलन