बीएलबीसी की बैठक में सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा


बिहटा /डॉ अनमोल कुमार । प्रखंड कार्यालय, बिहटा में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय बैंकर्स कमेटी (बीएलबीसी) की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी शिवजन्म राम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, पटना अभिषेक कुमार सहित विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी एवं शाखा प्रबंधक शामिल हुए।
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), ऋण वितरण, आवास योजना, लघु एवं कुटीर उद्योग, पेंशन तथा जीविका से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने और लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया गया।
साथ ही 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित वित्तीय समावेशन अभियान के तहत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, जनधन खाता, री-केवाईसी एवं केसीसी नामांकन को बढ़ावा देने के लिए बैंक स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित करने पर चर्चा हुई। डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव एवं लावारिस वित्तीय संपत्तियों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर जीविका सीसी अर्चना सिंह एवं एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज, पटना के अंतर्गत फुलवारी सीएफएल के क्षेत्र समन्वयक बबलु कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Categories: संगठन