अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता में सीमांत पटना चैंपियन




बेतिया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमांत पटना के तत्वावधान में आयोजित अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सीमांत पटना की टीम ने सीमांत लखनऊ को 40-38 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में सीमांत पटना ने सीमांत गुवाहाटी को पराजित किया, जबकि सीमांत लखनऊ ने सीमांत सिलीगुड़ी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। पटना की टीम ने अंतिम क्षणों तक चले रोमांचक मुकाबले में दो अंकों से जीत दर्ज की।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रक मुख्यालय, एसएसबी बेतिया के उप महानिरीक्षक हरी प्रकाश ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। प्रतियोगिता के तकनीकी सदस्यों और सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बिहार की लोक परंपरा, संस्कृति एवं स्थानीय विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों, आयोजकों, तकनीकी सदस्यों एवं सहयोगी कर्मियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भारतीय वन सेवा के अधिकारी गौरव ओझा, विद्युत कार्यपालक अभियंता मदन कुमार, सीमा शुल्क अधीक्षक संजीव वर्मा, लोक अभियोजक एनडीपीएस संतोष कुमार शर्मा, मेडिकल कॉलेज बेतिया के उपाधीक्षक संजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

एसएसबी की ओर से 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह, 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत, 65वीं वाहिनी के कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. बिपिन कुमार तथा कार्यवाहक कमांडेंट मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

अंत में मुख्य अतिथि हरी प्रकाश ने प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की। प्रतियोगिता ने विभिन्न सीमांतों से आए खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आपसी मेल-जोल, अनुभव साझा करने और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।

Categories: SSB