दंगल के बहाने चंपारण की मिट्टी की कहानी कहेगी ‘फिल्मी अखाड़ा’


दंगल के बहाने चंपारण की मिट्टी की कहानी कहेगी ‘फिल्मी अखाड़ा’
राजा यादव मुख्य भूमिका में, बेतिया-लौरिया से वाल्मीकिनगर तक होगी शूटिंग
बेतिया। चंपारण की धरती अब भोजपुरी सिनेमा के पर्दे पर अखाड़े की कहानी के साथ नजर आएगी। लव श्री प्रोडक्शन फिल्म प्रजेंट के बैनर तले बन रही भोजपुरी फिल्म ‘फिल्मी अखाड़ा’ का फर्स्ट लुक शुक्रवार को मिश्रौली चौक स्थित शुभ मंगलम होटल में जारी किया गया। फिल्म में चंपारण के अभिनेता राजा यादव मुख्य भूमिका में होंगे। उन्हें ‘बिहारी टार्जन’ के नाम से भी जाना जाता है।
दंगल की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म में प्रेम, रोमांस, सस्पेंस, कॉमेडी और ट्रेजडी को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। फिल्म की खास बात यह होगी कि चंपारण का स्थानीय परिवेश और यहां के पर्यटन स्थल भी पर्दे पर दिखाई देंगे। बेतिया, लौरिया, रामनगर और वाल्मीकिनगर के अलावा बिहार व उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग प्रस्तावित है।
राजा यादव ने कहा कि चंपारण की मिट्टी ने उन्हें पहचान दी है और अब इसी मिट्टी की कहानी को बड़े स्तर तक पहुंचाने का प्रयास है। निर्माता परमेश्वर शर्मा ने कहा कि फिल्म के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और चंपारण की पहचान को सामने लाने की कोशिश है।
कार्यकारी निर्माता आनंद सिंह ने कहा कि चंपारण में फिल्म निर्माण की यह पहल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। सह-निर्माता अविनाश सिंह ने भी इसे स्थानीय स्तर पर सिनेमा को नई दिशा देने वाला प्रयास बताया। निर्देशक जितेंद्र जैश ने कहा कि फिल्म मनोरंजन के साथ दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास करेगी।
फिल्म की कथा पंकज सिंह पवित्र, पटकथा शुभ नारायण सोनी, संगीत गौरव रोशन और छायांकन पंकज गोस्वामी का है। गीत पंकज सिंह पवित्र, टुन्नू परदेसी व जितेंद्र जोशीला के हैं। सह-निर्देशन आफताब राजा, कंपोजर सोनू पाण्डेय और डिजाइन नर्सू की है।