लौरिया में सरकारी ढांचे के कायाकल्प की बड़ी पहल, 19 पंचायत में 190 योजनाएं चिन्हित

लौरिया में सरकारी ढांचे के कायाकल्प की बड़ी पहल, 19 पंचायत में 190 योजनाएं चिन्हित

लौरिया/बेतिया
ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से स्थापित सरकारी संस्थानों और भवनों की बदहाल स्थिति को सुधारने की दिशा में प्रखंड प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बिहार सरकार और जिला पदाधिकारी के निर्देश पर लौरिया प्रखंड की सभी 19 ग्राम पंचायत में सरकारी परिसंपत्तियों के पुनरोद्धार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 190 योजनाओं का चयन किया गया है। प्रत्येक पंचायत में कम से कम 10 योजनाओं को शामिल किया गया है। चयनित योजनाओं का प्रस्ताव निर्धारित प्रारूप में तैयार कर जिला स्तर पर भेजा जा चुका है।
योजना निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर प्रखंड स्तर पर समीक्षा बैठक भी हुई। बीडीओ संजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मियों के साथ पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक और अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में पंचायतवार योजनाओं के चयन, आवश्यकता और प्रस्ताव की प्रगति की समीक्षा की गई।
प्रशासन ने उन सरकारी परिसंपत्तियों को प्राथमिकता दी है, जिन्हें वर्तमान स्थिति के आधार पर मरम्मत, विस्तार, सुधार अथवा उन्नयन की जरूरत है। इसमें आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन समेत ग्रामीणों के सार्वजनिक उपयोग से जुड़ी अन्य संरचनाएं शामिल हैं।
स्थानीय आवश्यकता और परिसंपत्तियों की मौजूदा दशा को ध्यान में रखकर योजनाओं का निर्धारण किया गया है। प्रशासन का जोर नई संरचनाएं खड़ी करने के बजाय उपलब्ध सरकारी ढांचे को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने पर है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और सरकारी परिसंपत्तियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो।

Categories: पंचायत, पंचायत गतिविधि, प्रशासन