बाबा विश्वंभरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

बाबा विश्वंभरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
अंतिम सोमवारी पर हजारों कांवरियों ने किया जलाभिषेक, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर
बगहा। श्रावण मास की चौथी एवं अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा विश्वंभरनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ जुटने लगी। हजारों की संख्या में कांवरिया वाल्मीकिनगर स्थित त्रिवेणी संगम से पवित्र जल लेकर पैदल बाबा विश्वंभरनाथ धाम पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
रविवार की रात से ही कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार की सुबह करीब एक बजे से मंदिर परिसर लगातार ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। कांवरियों की लंबी कतार के बावजूद जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए बाबा विश्वंभरनाथ धाम मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ विभिन्न समाजसेवी संगठनों ने जगह-जगह सेवा शिविर लगाए। इन शिविरों में कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पानी, फल, दवा तथा विश्राम की व्यवस्था की गई। सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सहायता की।
वहीं, बगहा पुलिस प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी लगातार मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में निगरानी करते रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए बगहा मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात रही। मेडिकल टीम द्वारा श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा विश्वंभरनाथ धाम में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर कमेटी की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, समाजसेवी संगठनों, पुलिस प्रशासन, मेडिकल टीम तथा हजारों श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
मंदिर कमेटी ने बाबा विश्वंभरनाथ से सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।