वृद्ध को गायब कर संपत्ति हड़पने और परिजनों को झूठे केस में फंसाने की बड़ी साजिश, महिला समेत चार पर आरोप

सेमरा (पश्चिम चंपारण)
सेमरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक वृद्ध की करोड़ों की पैतृक संपत्ति को सुनियोजित तरीके से हड़पने, उन्हें बहला-फुसलाकर गायब करने और उनके परिजनों को झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस पूरे मामले के केंद्र में रम्भा देवी नाम की महिला और उसके सहयोगी बताए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
तीन वर्षों से चल रहा था खेल, अचानक वृद्ध गायब।
सेमरा निवासी राममिलन यादव ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके 65 वर्षीय पिता अनिरुद्ध यादव को पिछले तीन वर्षों से रम्भा देवी (पति- सुकट चौधरी, निवासी चौमुखा)योगापट्टी ने अपने जाल में फंसा रखा था। इस दौरान उसने वृद्ध की पैतृक संपत्तियों को अपने नाम हस्तांतरित करवाना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब बीते 14 जुलाई 2026 को शाम करीब 4 बजे रम्भा देवी ने वृद्ध से मुलाकात की और उसी रात 9 बजे वृद्ध अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया।
अपराधिक गिरोह के साथ मिलकर बड़ी साजिश का आरोप
पीड़ित पुत्र का आरोप है कि रम्भा देवी ने सुकट चौधरी के साथ मिलकर एक अपराधिक गिरोह की तरह काम किया है। इन लोगों ने वृद्ध को किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा है ताकि बची हुई संपत्ति भी रम्भा देवी के नाम लिखवाई जा सके। इसके साथ ही, बेटों को डराने और रास्ते से हटाने के लिए उन्हें झूठे और संगीन मुकदमों में फंसाने की पूरी तैयारी की गई है।
तारीखों के फेरबदल से महिला की भूमिका संदिग्ध
मामले में नया मोड़ तब आया जब रम्भा देवी ने खुद को अनिरुद्ध यादव की दूसरी पत्नी बताते हुए परिजनों पर ही अपहरण का प्रति-आरोप लगा दिया। हालांकि, महिला ने अपने आवेदन में वृद्ध के गायब होने की तारीख 06 जुलाई 2026 बताई है,ग्रामीण बताते हैं कि उक्त महिला चौथी पत्नी के रूप में जाल फरेब में फंसा के रखी थी, जबकि पीड़ित पुत्र के अनुसार महिला स्वयं 14 जुलाई को उनके घर वृद्ध से मिलने आई थी और वृद्ध उसी रात गायब हुए हैं। तारीखों का यह बड़ा विरोधाभास साफ तौर पर दर्शाता है कि उक्त महिला पुलिस को गुमराह करने और अपनी साजिश को छिपाने के लिए मनगढ़ंत कहानी रच रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाने से गुहार लगाई है कि वृद्ध की जान को खतरा है। रम्भा देवी और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए वृद्ध को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और पिछले तीन वर्षों में दबाव बनाकर कराए गए जमीनी दस्तावेजों की गहनता से जांच की जाए। थानाध्यक्ष रश्मि कुमारी ने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उक्त मामले से प्रतीत होता है कि महिला सम्पत्ति हड़पने के नियत से यह कार्य कर रही है,उक्त महिला का आचरण पूर्व से विवादित एवं संदेहास्पद रहा है।वही इस मामले में महिला से वार्ता नहीं हो सकी है।