18 दिन से लापता बीए छात्र का नहीं मिला सुराग, पुलिस ने जारी किया फोटोयुक्त इश्तहार



बेतिया।बगहा पुलिस जिले के ठकराहा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 निवासी स्वर्गीय गुलाब ठाकुर के 23 वर्षीय पुत्र ललित ठाकुर बीते 23 जून से लापता हैं। घटना के 18 दिन बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। बीए के छात्र ललित बिहार पुलिस में दरोगा बनने की तैयारी कर रहे थे। बेटे के लापता होने से परिवार, विशेषकर उनकी 58 वर्षीय मां चना कुंवर का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां चना कुंवर ने बताया कि 23 जून की शाम करीब सात बजे ललित गंडक नदी किनारे स्थित पार्क जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब आठ बजे उन्होंने मोबाइल पर मां से अंतिम बार बातचीत की। इसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। अगले दिन से परिजनों ने गंडक नदी के किनारे, आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों की शिकायत पर ठकराहा थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की गई। थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पार्क और आसपास के इलाके में सघन खोजबीन की। लापता युवक एवं उसके दोस्तों के मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण भी कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
पुलिस ने ललित ठाकुर का फोटोयुक्त इश्तहार ठकराहा थाना क्षेत्र के अलावा गोपालगंज और सिवान के प्रमुख स्थानों पर चस्पा कराया है। सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी उनकी तलाश जारी है।
थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को ललित ठाकुर के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल मोबाइल नंबर 9031827016 पर सूचना दें। उन्होंने लोगों से इस खबर और फोटो को अधिक से अधिक साझा करने की भी अपील की है, ताकि एक वृद्ध मां को उसका बेटा सुरक्षित मिल सके।

Categories: जागरूकता