17 से 20 जुलाई तक होगा तकनीकी सहायक पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन।

*17 से 20 जुलाई तक होगा तकनीकी सहायक पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन।*
*सभी मूल प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य।*
*दस्तावेज अधूरे मिलने या निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने पर अभ्यर्थिता होगी रद्द।*
बेतिया। जिला पंचायत राज कार्यालय, पश्चिम चम्पारण द्वारा तकनीकी सहायक पद पर नियोजन की प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चयन सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन 17, 18 एवं 20 जुलाई 2026 को सुबह 10:30 बजे से जिला परिषद् सभागार, बेतिया में किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत सभी मूल दस्तावेज अभ्यर्थियों को वापस कर दिए जाएंगे। प्रत्येक अभ्यर्थी को सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की दो-दो स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां भी साथ लानी होंगी।
दस्तावेज सत्यापन के लिए डिप्लोमा इन सिविल इंजीनियरिंग की सभी सेमेस्टर की मार्कशीट एवं एडमिट कार्ड, फाइनल मार्कशीट एवं डिप्लोमा प्रमाणपत्र, मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, आधार कार्ड अथवा मतदाता पहचान पत्र, आवास प्रमाणपत्र, आरक्षण एवं ईडब्ल्यूएस से संबंधित प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), निःशक्तता प्रमाणपत्र, डिप्लोमा संस्थान/विश्वविद्यालय की वैधता संबंधी प्रमाणपत्र, नोटरी से निर्गत शपथ पत्र तथा चार पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि डिप्लोमा के किसी भी सेमेस्टर का एडमिट कार्ड या मार्कशीट प्रस्तुत नहीं करने पर अभ्यर्थिता स्वतः रद्द मानी जाएगी। इसी प्रकार दस्तावेजों में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाए जाने अथवा निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने की स्थिति में भी अभ्यर्थी का दावा स्वतः समाप्त हो जाएगा।
सत्यापन कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को सूची क्रमांक 01 से 75, 18 जुलाई को 76 से 125 तथा 20 जुलाई को 126 से 217 तक के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।
अभ्यर्थियों की सूची एवं विस्तृत सूचना पश्चिम चम्पारण जिला के NIC वेबसाइट पर जारी की गई है।