

*आध्यात्मिक जागृति ही विश्व नव निर्माण का आधार : भगवती दीदी*
रिपोर्ट डॉ अनमोल कुमार
प्रतापगंज ( सुपौल ) । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रतापगंज स्थित ओम शांति केंद्र में शुक्रवार संध्या आयोजित “आध्यात्मिक जागृति द्वारा विश्व नव निर्माण” विषयक क्षेत्रीय शुभारंभ समारोह, स्नेह मिलन, प्रवचन कार्यक्रम एवं शिव झंडोत्तोलन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साधक-साधिकाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम आध्यात्मिक उत्साह, भाईचारे एवं विश्व कल्याण के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका राजयोगिनी भगवती दीदी (राजविराज, नेपाल) ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक जागृति, सकारात्मक चिंतन एवं पारिवारिक मूल्यों की स्थापना ही विश्व शांति और विश्व नव निर्माण का आधार है। आध्यात्मिकता के माध्यम से व्यक्ति स्वयं को सशक्त बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
इस अवसर पर सिमराही सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी बबीता दीदी ने “आध्यात्मिक जागृति द्वारा विश्व नव निर्माण” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आत्मिक चेतना के जागरण से ही परिवार, समाज और विश्व में सुख, शांति तथा सद्भावना स्थापित हो सकती है। उन्होंने सभी को राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास द्वारा जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. कमल नारायण यादव थे। विशिष्ट अतिथियों में आदित्य कुमार पंकज, मोहन कुमार चौधरी, विजय छाजड़, गौरिकांत कुमार, सावन कुमार, विक्की कुमार, ओमप्रकाश भगत एवं मुन्ना भगत उपस्थित रहे। अतिथियों ने आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा समाज में नैतिकता एवं सकारात्मकता बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत भाषण से हुआ, जिसे ब्रह्माकुमारी वीणा बहन ने प्रस्तुत किया। इस दौरान कुमारी सुहानी एवं उनकी टीम द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव झंडोत्तोलन समारोह ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन ब्रह्माकुमार किशोर भाई एवं निशिका बहन ने किया, जबकि अंत में सुमन बहन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की व्यवस्था एवं सफलता में रेणु बहन, पूजा बहन, वीणा बहन, सुमन बहन, निशिका बहन, सुहानी बहन, शारदा देवी, अनिता देवी, बबीता देवी, रेनू देवी एवं शोभा देवी सहित अनेक सेवाधारी बहनों का सराहनीय योगदान रहा। राघोपुर से पधारीं रागिनी देवी एवं दौलत देवी की विशेष उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सहभागिता से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा, शांति, प्रेम, भाईचारे एवं विश्व कल्याण के संदेश से ओत-प्रोत हो उठा।