विकसित भारत मिशन को गति देने हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित।


*मनरेगा और जल संसाधन विभाग के समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी नई दिशा।*
बेतिया। आज जिला सभागार में विकसित भारत जी राम जी एवं जल संसाधन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में वित्तीय वर्ष 26 27 में क्रियान्वित की जाने वाली योजनाओं के संबंध में प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन उप विकास आयुक्त पश्चिम चंपारण बेतिया काजले वैभव नितिन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा योजना को विकसित भारत जी राम जी में परिवर्तित किया गया है। इस योजना में मुख्यत चार प्रकार के कार्य किए जाने हैं जिसमें जल संरक्षण सबसे प्रमुख अवयव है। जल संरक्षण के कार्य को क्रियान्वित करने में जल संसाधन विभाग एवं मनरेगा को संयुक्त रूप से कार्य करना है। इसके लिए जल संसाधन विभाग के सभी कर्मियों एवं मनरेगा के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों का एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग एवं मनरेगा के कन्वर्जेंस से कार्य करना है। जल संसाधन विभाग के सभी अभियंता, मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी एवं अभियंता तथा पंचायत तकनीकी सहायकों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया कि जल संसाधन विभाग अपने अभियंताओं ,सहायक अभियंताओं के माध्यम से प्राक्कलन तैयार कर योजना का क्रियान्वयन करेंगे तथा मजदूरों की व्यवस्था मनरेगा द्वारा की जाएगी। मनरेगा में कार्य करने की प्रक्रिया एवं गाइड लाइंस का अक्षरश अनुपालन करते हुए कार्य किया जाएगा। अब एक मजदूर को प्रतिवर्ष कम से कम 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाना है तथा उन्हें ससमय मजदूरी का भुगतान किया जाना है।
इसके लिए कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि मनरेगा के गाइडलाइंस का अनुपालन करते हुए समय पर एवं पर्याप्त संख्या में मजदूरों की व्यवस्था करना एवं उन्हें मजदूरी भुगतान करने की कार्रवाई करेंगे।
कार्यक्रम को निदेशक राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कार्यपालक अभियंता मनरेगा एवं कार्यपालक अभियंता जल संसाधन विभाग द्वारा भी संबोधित किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की गई।