50 मामलों की हुई सुनवाई।

*50 मामलों की हुई सुनवाई।*

*जिला पदाधिकारी के जनसुनवाई कार्यक्रम में कई मामलों का मौके पर ही हुआ निपटारा।*

बेतिया। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आज बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कुल 50 शिकायतों की सुनवाई की गई। इनमें भूमि विवाद, राजस्व मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। कई मामलों में जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली।

इस दौरान रूदल तुरहा, विश्वजीत कुमार, हरिहर साह, संजय तिवारी, प्रज्ञा चौधरी, रौशन कुमार, रितेश कुमार, बेदामी देवी, सुषमा कुमारी और अनिरुद्ध साह सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

यह जनसुनवाई कार्यक्रम सात निश्चय–3 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी  तरनजोत सिंह ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान उप विकास आयुक्त  काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता  राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी  अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी  अमरेन्द्र कुमार, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण अधिकारी श्री मासूम अंसारी, वरीय उप समाहर्ता  नगमा तबस्सुम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Categories: जनसंवाद