*जनसुनवाई में जिला पदाधिकारी ने सुनीं 77 शिकायतें।*




*कई मामलों का मौके पर ही निपटारा।*

बेतिया। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आज बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी  तरनजोत सिंह ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कुल 77 शिकायतों की सुनवाई की गई। इनमें भूमि विवाद, राजस्व मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। कई मामलों में जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली।

इस दौरान रामपरी देवी, देवनारायण साह, प्रेमलता कुमारी, हीरालाल पासवान, सरस्वती प्रसाद, संजय कुमार, राहुल कुमार, कृष्णा साह, राजकुमार साह, अजय कुमार, जटाशंकर यादव, सुरेंद्र प्रसाद सहित अन्य लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।

यह कार्यक्रम सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान उप विकास आयुक्त,  काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला भूअर्जन पदाधिकारी, ।अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता  अहमद अली,  नगमा तबस्सुम, पीजीआरओ, बेतिया  मासूम अंसारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Categories: जिला प्रशासन