दहेज हत्याकांड में गैरजिम्मेदार ढंग से अनुसंधान करने के मामलें थानाध्यक्ष निलंबित

बगहा। दहेज हत्या जैसे महत्वपूर्ण कांड में मनमाने और गैरजिम्मेदार ढंग से अनुसंधान करने को लेकर बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने चौतरवा थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।बगहा पुलिस अधीक्षक के अनुसार चौतरवा थाना के कांड सं०-251/2025, दिनांक- 25.08.2025, धारा 80 (2)/3 (5) BNS भा०न्या० सं०-2023 के मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा एवं अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० राहुल कुमार सिंह के समक्ष मेरे द्वारा समीक्षा की गयी। उक्त कांड के प्राथमिकी अभियुक्त अमित शाही, ग्राम अहिरौलिया, थाना चौतरवा जिला पश्चिम चम्पारण के विरुद्ध सत्य पाये जाने के बावजूद पिछले सात महीना में अनुसंधानकर्ता ने गिरफ्तारी नहीं किया और ना ही वारंट प्राप्त करने का प्रयास किया । साथ ही अभियुक्त पक्ष से सुलहनामे के अनुरूप प्राप्त आवेदन को अक्षरशः कांड दैनिकी में अंकित कर दिया गया, जो अभियोजन के बिल्कुल विपरीत हैं। दहेज हत्या जैसे महत्वपूर्ण कांड में मनमाने ढंग से अनुसंधान करने एवं गैरजिम्मेदार तरीके से अनुसंधान करने के लिए अनुसंधान कर्ता थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार सिंह, चौतरवा थाना को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है।