खराब चापाकलों को ठीक करने के लिए मरम्मति दल रवाना, गांव-गांव पहुंचेगी टीम।

*खराब चापाकलों को ठीक करने के लिए मरम्मति दल रवाना, गांव-गांव पहुंचेगी टीम।*

*जिला पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर मरम्मति दल को किया रवाना।*

*सरकारी चापाकलों को शीघ्र फंक्शनल करने और उनकी नियमित निगरानी कराने का निर्देश।*

*आमजनों द्वारा खराब चापाकलों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जल्द से जल्द ठीक कराने का निर्देश।*

बेतिया। गर्मी के मौसम में जिलेवासियों को पेयजल की समस्या से जूझना न पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। सार्वजनिक स्थलों पर खराब पड़े सरकारी चापाकलों को दुरुस्त करने के लिए विशेष मरम्मति अभियान आज से प्रारंभ कर दिया गया है।

लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बेतिया के तत्वावधान में गठित चापाकल मरम्मति दल अब जिले के सभी प्रखंडों के गांव-गांव जाकर खराब पड़े चापाकलों को युद्धस्तर पर ठीक करेगा, ताकि गर्मी के दिनों में लोगों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

इस अभियान की शुरुआत करते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने समाहरणालय परिसर से चापाकल मरम्मति दल के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी चापाकलों को शीघ्र फंक्शनल किया जाए और उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चापाकल ही लोगों के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत होते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि सभी चापाकल पूरी तरह कार्यशील रहें। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को निर्देश दिया कि आमजनों द्वारा खराब चापाकलों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाए।

कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बेतिया श्री नितिन कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों के लिए अलग-अलग मरम्मति दल गठित किए गए हैं, जो आज से ही भ्रमणशील रहकर खराब चापाकलों की मरम्मति करेंगे। प्रत्येक टीम में अनुभवी मिस्त्री और हेल्पर शामिल हैं, जो आवश्यक उपकरणों और सामग्रियों के साथ पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने बताया कि मरम्मति दल के पास पलंजर, चेक वॉल्ब, बफेट, वॉशर, नट-बोल्ट, हेड, हैंडिल सहित अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध रहेंगे, जिससे मौके पर ही खराबी को ठीक कर चापाकल को चालू किया जा सकेगा।

इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बेतिया  नितिन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं अभियंता भी उपस्थित रहे।

Categories: जिला प्रशासन