अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम 8 मार्च को।*
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं होंगी सम्मानित

*अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम 8 मार्च को।*
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं होंगी सम्मानित*
बेतिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिला प्रशासन द्वारा 8 मार्च 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक समिति का गठन किया गया है तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के योगदान, उनकी उपलब्धियों और उनके सशक्तिकरण को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशन में 8 मार्च को समाहरणालय सभागार में आयोजित होने वाला कार्यक्रम सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों से परिपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और उपलब्धियों को दर्शाएंगी। साथ ही जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों को समाज के सामने प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं के प्रति समाज में सम्मान और समानता की भावना को बढ़ावा मिलता है तथा नई पीढ़ी को भी महिला सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक संदेश मिलता है। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की।
जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने संबंधित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करना सुनिश्चित करें।