नौरंगिया में श्री शतचंडी महायज्ञ को लेकर तैयारियां पूरी, 2100 कन्याओं के साथ निकली भव्य कलश यात्रा

बगहा अनुमंडल अंतर्गत नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया गढ़ी स्थान में आयोजित होने वाले श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्री रामकथा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को महायज्ञ की शुरुआत से पहले 2100 कन्याओं के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा नौरंगिया गढ़ी स्थान से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल सिद्धाश्रम पीठ राजगृह मंदिर, नौरंगिया (बगहा-2, पश्चिम चंपारण) पहुंची। यात्रा के दौरान महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश लेकर पारंपरिक तरीके से भाग लिया। वहीं श्रद्धालुओं के जयकारों और धार्मिक गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
आयोजन श्री श्री 108 श्री भगवान दास के सदस्यों ने बताया कि श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्री रामकथा का आयोजन 6 मार्च से 14 मार्च 2026 तक किया जाएगा। बृंदावन से पधारे श्री श्री 108 श्री योगेश्वर दास जी कथा का वाचन करेंगे।
इस दौरान भगवान श्रीराम के परिवार सहित प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम भी संपन्न कराया जाएगा। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे।
समिति के अनुसार धार्मिक आयोजन के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए रामलीला, मेला, झूला, जादूगर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को आध्यात्मिक वातावरण के साथ मनोरंजन भी मिल सके।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। समिति ने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि वे सपरिवार इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पूजा-अर्चना करें और महायज्ञ का पुण्य लाभ प्राप्त करें।