शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं होली : जिलाधिकारी।


*शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं होली : जिलाधिकारी।*
*सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरूद्ध की जायेगी सख्त कार्रवाई।*
*जिला प्रशासन-पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, सुरक्षा की रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था।*
*सोशल मीडिया पर रहेगी साईबर सेल की पैनी नजर।*
*किसी भी प्रकार की अफवाहों पर नहीं दें ध्यान, शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं पर्व।*
*समाहरणालय सभाकक्ष में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न।*
बेतिया। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था के दृष्टिगत एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में सम्पन्न हुई। इस बैठक में जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। साथ ही अनुमंडल प्रखंड स्तरीय शांति समिति के सदस्य वीडियो कॉफ्रेन्सिंग के माध्यम से जुड़े रहें।
शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी, श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि आप सभी के सहयोग से जिलान्तर्गत हर पर्व, त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जाने की परम्परा रही है। आपके सहयोग से सभी पर्व, त्योहार को अच्छे से मनाया गया है। शांतिपूर्ण पर्व, त्योहार सम्पन्न कराने में आपकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन को आप सभी अपेक्षित सहयोग करें। उम्मीद है होली त्योहार को भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में अपनी सहभागिता देंगे।
उन्होंने बताया कि जिलान्तर्गत होली त्योहार के अवसर पर संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया गया है एवं वहाँ पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु क्यू0आर0टी0 का गठन किया गया है। जिलान्तर्गत सभी अग्निशमन वाहनों को तैयारी की हालत में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इस त्योहार में धार्मिक उन्माद वाले नारों एवं अश्लील गाना नहीं बजायेंगे। सरकार द्वारा डी0 जे0 बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। इसका अनुपालन किया जाना अपेक्षित है। होलिका दहन विवादित स्थलों पर नहीं हो, इसे सुनिश्चित किया जाय।
उन्होंने कहा कि होली त्योहार के मद्देनजर अफवाह फैलाने वालों, विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांति एवं सदभाव के साथ होली का त्योहार सम्पन्न कराना है। समाज में शांति सदभाव कायम रहे, इस हेतु सभी को सार्थक प्रयास करना है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया डॉ0 शौर्य सुमन ने सभी को रमजान एवं होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पुलिस प्रशासन का सहयोग करें ताकि शांतिपूर्ण वातावरण में होली सम्पन्न करायी जा सके।होलिका दहन वाले स्थलों पर पैनी नजर है। पुलिस फोर्स की तैनाती की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है। असमाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई प्रारंभ कर दी गयी है। विधि-व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा, कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
पुलिस अधीक्षक, बगहा, रामानंद कुमार कौशल ने कहा कि निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। फ्लैग मार्च किया जा रहा है। कंट्रोल रूम।बनाया गया है। 112 कि टीम पूरी तरह एक्टिव है।
जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में विजय यादव, मो एजाज, अजय कुमार राय, रोहित कुमार, रतन प्रसाद गुप्ता, नवनीत कुमार, सरफराज अहमद, रंजीत यादव मुन्नीलाल गुप्ता, इंद्रजीत यादव, तुफैल अहमद, आनंद सिंह, संजय कुमार सिंह, रजिया तबस्सुम, अमर यादव, इफ्तेखार अहमद उर्फ मुन्ना त्यागी, रामदेव कुमार, वर्मा प्रसाद, पूनम देवी, राकेश सिंह, मुन्ना सिंह, प्रो दीपक रही आदि ने होली त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने हेतु अपने-अपने सुझाव दिये।
जिलाधिकारी द्वारा जिलेवासियों से अपील की गयी है होली का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। जिला प्रशासन की पूरी टीम आपके साथ है। जिलेवासी अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे तथा अफवाह फैलाने वाले असामजिक तत्वों के बारे में नजदीकी थाने अथवा जिला प्रशासन को सूचित करेंगे ताकि त्वरित गति से कार्रवाई करते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जिलेवासियों को बिहार दिवस पवित्र रमजान माह एवं होली की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, डॉ0 शौर्य सुमन, पुलिस अधीक्षक, बगहा, रामानंद कुमार कौशल, अपर समाहर्ता, राजीव रंजन सिन्हा, नगर आयुक्त नगर निगम, बेतिया, शिवाक्षी दीक्षित, एसडीएम, बेतिया, विकास कुमार, एसडीपीओ, विवेक दीप, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार, अधीक्षक, मद्य निषेध, सीमा चौरसिया, सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं जिलास्तरीय शांति समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडलीय तथा प्रखंड स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीआदि जुड़े रहे।