विकसित भारत बनाने एनजीओ की भूमिका महत्वपूर्ण – संजय कुमार झा

*विकसित भारत बनाने एनजीओ की भूमिका महत्वपूर्ण – संजय कुमार झा*

रिपोर्ट अनमोल कुमार

पटना – एनजीओ हेल्पलाइन परिसर , जगत ट्रेड सेंटर फ्रेजर रोड पटना में एक संगोष्ठी आयोजित किया गया जिसमें विश्व एनजीओ दिवस  के अवसर पर एनजीओ हेल्पलाइन सूचना शक्ति) के संस्थापक निदेशक, समाजशास्त्री एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट संजय कुमार झा तथा प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष, गांधीवादी चिंतक प्रेम  जी ने संयुक्त रूप से नागरिक समाज की भूमिका, पारदर्शिता और वैश्विक सहभागिता पर महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।

अपने संबोधन में संजय कुमार झा ने कहा कि भारत में गैर-सरकारी संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि भारतीय एनजीओ पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल अनुपालन और प्रभाव-आधारित कार्यप्रणाली को अपनाएँ, ताकि वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सशक्त पहचान बना सकें।

उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यूनाइटेड नेशन इकोनॉमिक एवं सोशल काउंसिल के माध्यम से एनजीओ को वैश्विक नीति-निर्माण में भागीदारी का अवसर प्राप्त होता है। यदि भारतीय संगठन सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप परियोजनाएँ तैयार करें और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करें, तो वे वैश्विक मंचों पर प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

वहीं, प्रेम जी ने अपने संबोधन में गांधीवादी विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि एनजीओ सेवा, सत्य और नैतिकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “अंत्योदय” – समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना – ही नागरिक समाज का मूल उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और कहा कि एनजीओ क्षेत्र राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण धुरी है।

दोनों वक्ताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत में नागरिक समाज के पास अपार संभावनाएँ हैं। यदि संगठन पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सहयोग की भावना से कार्य करें, तो वे राष्ट्रीय विकास के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

विश्व एनजीओ दिवस के अवसर पर निम्नलिखित संकल्प लिए गए , एनजीओ क्षेत्र में पूर्ण पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देना , सतत विकास लक्ष्यों  के अनुरूप परियोजनाएँ विकसित करना, युवाओं एवं महिलाओं की नेतृत्व भूमिका को सशक्त बनाना , डिजिटल सूचना प्रणाली और प्रभाव मापन तंत्र को अपनाना , राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को सुदृढ़ करना।

संगोष्ठी के अंत में दोनों संस्थाओं ने कहा कि विश्व एनजीओ दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि समाज सेवा के प्रति नवीकृत प्रतिबद्धता का दिवस है। नागरिक समाज यदि सेवा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़े, तो भारत सामाजिक विकास और वैश्विक सहयोग का उदाहरण बन सकता है।

इस अवसर पर सोनू कुमार पटेल , अनवरा अली , प्रबोध तिवारी , अमृत राज , लालू सिंह राणा , तारा गुप्ता , संतोष कुमार झा , जाह्नवी कुमारी आदि उपस्थित रहे !

Categories: Uncategorized