शिक्षिका ने शिक्षक पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया,ग्रामीणों में आक्रोश

——पीड़ित शिक्षिका, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही हैं, का आरोप है कि आरोपी शिक्षक की नीयत पहले से ही ठीक नहीं थी और वह लगातार उन्हें परेशान कर रहा था।
बगहा।बगहा में एक महिला शिक्षिका ने अपने ही विद्यालय के सहकर्मी शिक्षक पर छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में शिक्षिका ने बगहा-2 के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी फुदन राम को लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है।मामला बगहा-2 प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय हरका साधु कुटिया का है, जो मध्य विद्यालय सिंगाडी में मर्ज है। पीड़ित शिक्षिका, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही हैं, का आरोप है कि आरोपी शिक्षक की नीयत पहले से ही ठीक नहीं थी और वह लगातार उन्हें परेशान कर रहा था। शिक्षिका ने आरोप लगाया कि स्कूल परिसर में एक कमरे का दरवाजा बंद कर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का प्रयास किया गया।
इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों शिक्षकों के बीच तीखी नोकझोंक और तू-तू मैं-मैं होती दिख रही है। चिंताजनक बात यह है कि इस दौरान विद्यालय के बच्चे चारों ओर खड़े होकर यह दृश्य देख रहे थे। वायरल वीडियो के बाद दोनों शिक्षकों की मर्यादा और विद्यालय के माहौल पर सवाल उठने लगे हैं।घटना के बाद शिक्षकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने स्कूल परिसर में सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी फुदन राम ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जायेगी।