बगहा अनुमंडलीय अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को सुधारने के लिए विधायक राम सिंह ने सदन में मांग रखी

——स्वास्थ्य मंत्री ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


बगहा,21फरवरी। बगहा के भाजपा विधायक राम सिंह ने बिहार विधानसभा के पटल पर बगहा अनुमंडल अस्पताल एवं क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से रखा है,उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय के समक्ष डाक्टरों की कमी, संसाधनों की अनुपलब्धता और मरीजों को हो रही परेशानियों का मुद्दा तथ्यों के साथ रखा।

विधायक ने सदन में कहा कि अनुमंडल अस्पताल में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने से मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की कमी भी आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।उन्होंने सरकार से मांग की कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति शीघ्र की जाए तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की हकदार है और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।स्वास्थ्य मंत्री ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने उम्मीद जताई कि जल्द ही बगहा की स्वास्थ्य व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Categories: स्वास्थ्य