*वाल्मीकिनगर सांसदीय क्षेत्र  में केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन की हो रही तलाश*

*सांसद सुनील कुमार ने बताया कि हमारे क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय बनने से सरकारी कर्मचारियों के बच्चों सहित स्थानीय बच्चों को भी उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी*


बगहा।बगहा  अनुमंडल अंतर्गत अतिथि परिसदन में वाल्मीकि नगर सांसद सुनील कुमार के साथ केंद्रीय विद्यालय के लिए स्थल चयन हेतु पटना से आई टीम के पदाधिकारियों की बैठक आज सोमवार को हुई है। वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन की तलाश राजस्व विभाग कर रहा है, जिसको लेकर सोमवार को वाल्मीकिनगर के जेडीयू सांसद की पहल पर पटना से आई पांच सदस्यीय टीम ने इसका जायजा लिया। गौरतलब है कि वाल्मीकिनगर सांसद के द्वारा ही दिल्ली में केवीएस आयुक्त से मिलकर इस मामले पर चर्चा हुई थी, जिसके बाद सोमवार को पटना से आई टीम को लेकर अंचलधिकारी बगहा 2 द्वारा जमीन की तलाश की जा रही है। सांसद सुनील कुमार ने बताया कि हमारे क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय बनने से सरकारी कर्मचारियों के बच्चों सहित स्थानीय बच्चों को भी उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। सांसद के अनुसार राजस्व विभाग कुछ स्थानों पर जमीन चिन्हित कर उसका प्रस्ताव सरकार को भेजेगी ,तब इसकी स्वीकृति पर सरकार विचार करेगी। अंचलाधिकारी बगहा दो वसीम अकरम ने कहा कि टीम और अंचल द्वारा द्वारा जल्द ही जमीन को चयनित कर प्रस्ताव सरकार को भेज दिया जायेगा। इस मौके पर बगहा 1 के राजस्व पदाधिकारी विकास कुमार, पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह, जदयू नेता राकेश सिंह, जयनेन्द्र सिंह, जुगनू आलम, श्यामबिहारी गुप्ता, जितेंद्र कुशवाहा, अनिल कुमार, श्रेयांशु कुमार आदि मौजूद थे।

Categories: शिक्षा