कैंसर के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव : डा. के. के. कमर*

*कैंसर के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव : डॉ. के. के. कमर*

रिपोर्ट अनमोल कुमार

गयाजी। स्वयंसेवी संस्था आज़ादी वेलफेयर सेंटर के तत्वावधान में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम न्यू करीमगंज स्थित क्लीनिक परिसर में संस्था के सचिव सह प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. के. के. कमर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना, उसके लक्षणों की पहचान और समय रहते बचाव के उपायों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. के. के. कमर ने कहा कि वर्तमान समय में कैंसर एक गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। आज के दौर में मुंह, फेफड़े, स्तन, गर्भाशय, प्रोस्टेट, पेट, आंत, त्वचा और रक्त (ब्लड कैंसर) जैसे कई अंगों में कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुंह का कैंसर तंबाकू और गुटखा सेवन से, फेफड़ों का कैंसर धूम्रपान से, जबकि स्तन और गर्भाशय कैंसर हार्मोनल असंतुलन व जीवनशैली से जुड़ा होता है।
डॉ. कमर ने कहा कि लगातार वजन कम होना, लंबे समय तक घाव का न भरना, असामान्य गांठ, लगातार खांसी, आवाज में बदलाव, असामान्य रक्तस्राव, अत्यधिक थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार, नशे से दूरी, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा कैंसर के शुरुआती चरणों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, दवाओं के दुष्प्रभाव को कम करने तथा रोगी की जीवन गुणवत्ता सुधारने में सहायक सिद्ध होती है। होम्योपैथी में व्यक्ति की संपूर्ण शारीरिक व मानसिक स्थिति को ध्यान में रखकर उपचार किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कैंसर से संबंधित प्रश्न पूछे और जागरूकता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्था के सदस्य, स्थानीय नागरिक और मरीजों की सक्रिय भागीदारी रही। मौके पर इसराफ़ुल हक़, अख़्तर सुल्तान, सतीश कुमार, हाशिम़ क़ादरी, दीपक कुमार, परवेज़ आलम एवं इश्तियाक़ उपस्थित रहे।

Categories: चिकित्सा, स्वास्थ्य