बगहा पुलिस ने किया विस्फोटक कांड का खुलासा, आरोपी पुत्र गिरफ्तार, माँ फरार


बगहा।बगहा पुलिस ने संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चौतरवा थाना कांड संख्या 45/26 का सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विध्यांशु राव उर्फ दिव्यांशु राव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी माँ रंजू देवी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बुधवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बीते 31 जनवरी 2026 की रात चौतरवा थाना क्षेत्र के अहिरवलिया गांव से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। इसमें एपेक्स पावर-90 (Explosive Class-2) के तीन पीस, दो सिल्वर रंग के डेटोनेटर और काला-लाल रंग का इलेक्ट्रिक मल्टीमीटर शामिल था। इस संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।


कांड की गंभीरता को देखते हुए मेरे निर्देश पर एसडीपीओ, बगहा कुमार देवेंद्र के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का सफल उद्भेदन कर लिया।
अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी विध्यांशु राव का अपने पड़ोसी नीरज राव उर्फ पिंटू से पूर्व से विवाद चल रहा था। दिसंबर 2025 में आर्म्स एक्ट के मामले में जमानत पर छूटने के बाद वह कर्नाटक गया था,जहां से पत्थर तोड़ने के काम के दौरान विस्फोटक सामग्री छिपाकर गांव ले आया था। 31 जनवरी की रात, उसने अपनी माँ रंजू देवी के साथ मिलकर विस्फोटक सामग्री पड़ोसी के घर फेंकी और बाद में उसकी माँ ने पुलिस को झूठी सूचना देकर पड़ोसी को फँसाने का प्रयास किया।इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 03 फरवरी 2026 को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक वीवो वाई15 स्मार्टफोन बरामद किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने तथा अपनी माँ की संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।एसपी ने बताया कि आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध चौतरवा थाना में चोरी, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। बरामद विस्फोटक सामग्री के बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।मौके कर एसडीपीओ कुमार देवेंद्र,चौतरवा थानाध्यक्ष  सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Categories: अपराध