उद्योगों के अनुकूल वातावरण बनाना प्रशासन की प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी।


*उद्योगों के अनुकूल वातावरण बनाना प्रशासन की प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी।*

*उद्यमी संवाद कार्यक्रम में निवेश और उद्योग विकास पर हुआ मंथन।*

*उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागों को समन्वय का निर्देश।*

बेतिया। जिला पदाधिकारी  तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में निवेशकों एवं उद्यमियों के साथ “उद्यमी संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को गति देना, निवेश को प्रोत्साहित करना तथा उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करना रहा। संवाद के माध्यम से उद्यमियों के सुझावों एवं आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लगभग 120 उद्यमियों ने भाग लिया। औद्योगिक क्षेत्र बेतिया, कुमारबाग एवं रामनगर के उद्यमियों ने सड़क एवं नाला निर्माण, बिजली कटौती जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वहीं मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के लाभुकों ने कच्चे माल हेतु पूंजी की कमी, उत्पादों के विपणन, सब्सिडी भुगतान एवं बिजली संबंधी परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराया।

जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों एवं बैंकों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और रोजगार के अवसर बढ़ें।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “सात निश्चय-03” के तहत विकसित बिहार का रोडमैप तैयार किया गया है, जिसमें “समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार” को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया है। इसका उद्देश्य बिहार को पूर्वी भारत के एक प्रमुख टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा औद्योगिक आधारभूत संरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त  काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त  शिवाक्षी दीक्षित, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र रोहित राज, अग्रणी जिला प्रबंधक  सतीश कुमार सहित उद्योग विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Categories: प्रशासन