बगहा व्यवहार न्यायालय के राष्ट्रीय लोक अदालत में छह हजार मामला निष्पादन का लक्ष्य

बगहा।बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। अपने-अपने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की उम्मीद में हजारों की संख्या में वादकारी न्यायालय परिसर पहुंचे। सुबह से ही न्यायालय परिसर में चहल-पहल बनी रही और विभिन्न काउंटरों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। इस लोक अदालत में लगभग 6000 मामला निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे आम लोगों को वर्षों से चल रही कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन अनुमंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष सह जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम रविरंजन, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय राजीव कुमार दूबे, एसीजेएम प्रथम कीर्ति प्रसाद, एसडीजेएम सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक कुमार चतुर्वेदी, बगहा की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निर्मला कुमारी तथा बगहा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष द्विजेंद्र नाथ तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।अपने संबोधन में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम रविरंजन ने कहा कि रोग, ऋण और शत्रु केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए घातक होते हैं। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और सेवा भाव से जीवन जीने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग लोक अदालत में थोड़ी-थोड़ी पहल करें तो सैकड़ों मामलों का समाधान संभव है, जिससे न्यायालयों पर बोझ कम होगा और वादकारियों को शीघ्र न्याय मिलेगा।अनुमंडल विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक कुमार चतुर्वेदी ने बगहा पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए बताया कि वारंट तामिला के कार्य में पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कुल 1552 वारंटों में से 1326 वारंटों का सफल तामिला किया गया, जो एक सराहनीय उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी के नेतृत्व की प्रशंसा की।