नप प्रशासन के ‘विकास’ पर पानी फेरती बगहा की बारिश! शहर के कई वार्ड जलमग्न, लोग बेहाल।

*नप प्रशासन के ‘विकास’ पर पानी फेरती बगहा की बारिश! शहर के कई वार्ड जलमग्न, लोग बेहाल*
बगहा। पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा नगर में पिछले 18 घंटों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नगर परिषद (नप) प्रशासन के विकास कार्यों की सच्चाई उजागर कर दी है। हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद नगर के अधिकांश वार्डों में जल जमाव की भयावह स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं, जिससे लोगों को अपनी दैनिक गतिविधियों के लिए गंदे और दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।सबसे अधिक प्रभावित वार्ड संख्या 27, 28, 30 और 31 बताए जा रहे हैं। इन घनी आबादी वाले इलाकों में घरों के दरवाजे तक पानी पहुंच गया है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी असमर्थ हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निकाय की नालियों और जल निकासी प्रणाली की स्थिति वर्षों से जर्जर पड़ी है, जिस पर प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।वार्ड संख्या 30 के निवासी अशोक दास ने कहा कि बारिश का मौसम उनके लिए राहत नहीं, बल्कि आफत लेकर आता है। बच्चों को स्कूल भेजने में परेशानी होती है और घरों में पानी घुसने का खतरा हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन बड़े-बड़े दावे करता है, परंतु नाला उड़ाही और सफाई का कार्य कभी समय पर नहीं होता। जल जमाव के कारण कई क्षेत्रों में कीचड़ और गंदगी फैलने से महामारी का खतरा मंडराने लगा है। लोगों को स्वच्छ पेयजल और आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।इस बीच, वार्ड संख्या 30 के पार्षद संजय यादव ने बताया कि जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नया नाला और पीसीसी निर्माण का टेंडर स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क में मिट्टी भराई और जल निकासी की व्यवस्था के बाद ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनने दी जाएगी। फिलहाल नगरवासी प्रशासन से शीघ्र राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।