ठकराहा प्रखंड के कोइरपट्टी में महिला संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन।



*महिला संवाद में महिलाओं ने जिलाधिकारी के सामने रखी अपनी आकांक्षाएं।*
बेतिया। ठकराहा प्रखंड के कोइरीपट्टी पंचायत में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जियलाधिकारी दिनेश कुमार राय, पुलिस अधीक्षक, बगहा, सुशांत कुमार सरोज, उपविकास आयुक्त, सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, राजीव कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं स्थानीय महिलाओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वालित कर किया।
महिला संवाद कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधकारियों ने स्थानीय महिलाओं के साथ बैठकर सरकार की योजनाओं से हुए लाभ को जाना वहीं महिलाओं ने अधिकारियों के सामने अपनी अपेक्षाएँ रखीं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार के द्वारा बहुत कार्य किये गए हैं। सरकारी नौकरी में 35 प्रतिशत और पंचायती राज संस्थान में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बहुत आवश्यक है। मात्र शिक्षा से आप अपनी दशा और दिशा बदल सकते हैं। अपने घर में समृद्धि ला सकते हैं। आज महिलाएं समाज में हर एक क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रही हैं। चाहे वो गांव समाज का प्रतिनिधित्व हो या खेल, सभी क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य कर रही हैं।
जिला पदाधिकारी के द्वारा अपना मोबाइल नम्बर साझा करते हुए किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत बेहिचक करने का अनुरोध किया गया।
पुलिस अधीक्षक बगहा ने महिलाओं को जानकारी दी कि सरकारी विद्यालाओं में सारी सुविधाएं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही। उन्होंने बताया कि अगर महिला शिक्षित होती है तो पूरे घर को अच्छे से संभाल लेती है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क बना हुआ है जहां बिना संकोच के महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने सरकारी लाभ लेकर आगे बढ़ रही महिलाओं के सोच, जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि खूब आगे बढ़िए।
उप विकास आयुक्त ने महिलाओं को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि बालिकाओं के शिक्षा स्वास्थ्य के लिए कल्याणकारी योजना चला रही है,जिसका नतीजा है बेटियां आत्मनिर्भर बन रही है और हर क्षेत्र अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि यहाँ के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए यहाँ के पाँच पंचायतों में खेल मैदान बनने का काम जारी है।
एडीएम श्री राजीव कुमार ने महिलाओं की आकांक्षाओं को जिलाधिकारी महोदय के सामने रखा। महिलाओं की माँग थी कि उनके यहाँ डिग्री कॉलेज नहीं जिस कारण यहाँ बच्चे पढ़ने के लिए पड़ोस के राज्य में जाने के लिए मजबूर है।
जिलाधिकारी द्वारा महिला संवाद में दीदियों के द्वारा उठाए गए बिंदुओं के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना और ग्राम परिवहन योजना चलाया गया है। इसमें वाहन क्रय करने में सरकार सब्सिडी देती है। उन्होंने महिलाओं से उक्त योजना का लाभ लेने का सुझाव दिया गया। आर्थिक विकास के लिए मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना की जानकारी सुलभ कराई गई। पंचायतों के वार्ड में नल-जल योजना को क्रियान्वित कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि आवास सर्वे का कार्य किया गया है। उसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा डिग्री कॉलेज की डिमांड स्वीकृत हो चुकी है। संवाद कार्यक्रम में उप स्वास्थ्य केंद्र में महिला चिकित्सक की माँग पर जानकारी दी कि सरकार द्वारा डाक्टर की नियुक्ति जल्द ही की जा रही है। जिस कारण जल्द ही उनकी मांग पूरी होने की संभावना है। उन्होंने रोजगार के लिए जीविका समूह से कर्ज लेकर और पीएमएफएमई योजना का लाभ उठा कर अभिरुचि के अनुसार रोजगार करने की सलाह दी।
इस कार्यक्रम में संगीता निषाद ने जानकारी दी कि उन्होंने सरकार की मेघावृत्ति योजना का लाभ उठा कर स्नातक तक की शिक्षा हासिल की है और उनकी तमन्ना है की डी.एल एड. प्रशिक्षण ले कर शिक्षक बने।
रीता चौधरी की आवाज़ में आत्मविश्वास था जब उन्होंने डीएम के सामने सरकारी बस की माँग रखी, ताकि ठकराहा के लोग सुरक्षित और समय पर जिला मुख्यालय तक पहुँच सकें। उनके साथ-साथ कई अन्य महिलाओं ने मांग रखी—लाइब्रेरी, कृषि यंत्र, कुटीर उद्योग, गन्ना अनुसंधान केंद्र, डेयरी यूनिट इत्यादि की और जिलाधिकारी ने हर बात को ना सिर्फ सुना, बल्कि ठोस आश्वासन भी दिया। कांति कुमारी की कहानी ने सबका दिल छुआ। औरंगाबाद की निवासी और ठाकराहा थाने में कार्यरत महिला पुलिसकर्मी कांति कुमारी ने जब यह कहा कि “आरक्षण ने मुझे यह मौका दिया, लेकिन मेरी उड़ान अभी बाकी है… मैं सब-इंस्पेक्टर बनूंगी,” तो हर महिला की आँखों में सपना और गर्व दोनों चमकने लगे। इसी तरह अनिता राम, रम्भा देवी, गुलाबी देवी, गीता देवी, संजना देवी आदि महिलाओं ने सरकार से मिले विभिन्न लाभों से अवगत कराया तथा सरकार को साधुवाद दिया।